इस माह के अंत तक निजी नलकूपों को किया जाएगा वैध
31 अक्तूबर के बाद बिजली महकमा करेगा अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। हाथरस जंक्शन और सासनी क्षेत्र में पूर्व में हुए अवैध निजी नलकूपों को अक्तूबर के अंत तक वैध किया जाएगा। 31 अक्तूबर के बाद महकमा अवैध नलकूप धारकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। लोगों को धनराशि जमा कर कनेक्शनों को वैध करने के लिए बिजली महकमा अपील कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2007 में डार्क जोन होने के बाद भी बिजली अफसरों ने अवैध रूप से किसानों को निजी नलकूप कनेक्शनों का वितरण किया गया। इस मामले में करीब 40 लोगों के खिलाफ हाथरस जंक्शन थाने में रिपोर्ट दर्ज भी हुई। बीते महीनों में सरकार ने इन नलकूपों को धनराशि जमा करा कर वैध करने का फैसला ले लिया। इसके बाद भी काफी किसान नलकूप कनेक्शनों को वैध नहीं करा रहे हैं।
यदि 31 अक्तूबर तक किसान नहीं जागे तो उसके बाद बिजली महकमा इन नलकूप कनेक्शन धारकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में अधीक्षण अभियंता संदीप अग्रवाल ने कहा कि अवैध निजी नलकूपों को 31 अक्तूबर तक वैध किया जा रहा है। इसके बाद अवैध नलकूप कनेक्शन धारकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।