कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के रूहेरी के निकट स्थित मैराज अस्पताल में बुधवार की सुबह प्रसव के दौरान गर्भवती की मौत हो गई। इससे गुस्साए मृतका के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एटा के अवागड़ थाना क्षेत्र के गांव भरकना निवासी शशि (22) की शादी चार साल पहले हसायन के गांव सांकरपुर में हुई थी। मंगलवार को शशि को प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे हसायन के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से चिकित्सक ने उसे रूहेरी के निकट स्थित मैराज अस्पताल में रेफर कर दिया।
बुधवार की सुबह चिकित्सक उसे ऑपरेशन थियेटर लेकर गए। मृतका के पति अमित का आरोप है कि चिकित्सक ने उसकी पत्नी को बेहोशी का इंजेक्शन लगाया। इसके बाद उसकी की मौत हो गई। अमित का आरोप है कि चिकित्सक की लापरवाही से महिला की मौत हुई है। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत किया।
मैराज अस्पताल में गर्भवती की मौत का मामला सामने आया है। डॉ. एमआई आलम को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
- डॉ. मंजीत सिंह, सीएमओ हाथरस।