संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
होली के बाद शुक्रवार को शहर में बासौड़ा पूजन की धूम रही। भोर से ही शहर के सीयल खेड़ा स्थित शीतला माता मंदिर पर श्रद्धालुओं का तांता लगा। जलाभिषेक कर भक्तों ने ठंडे भोजन का भोग लगाया। मां से स्वास्थ्य व सुख समृद्धि की कामना की। बासौड़ा पूजन के चलते अन्य मंदिरों में भी खासी भीड़ रही।
शुक्रवार की सुबह सूर्योदय से पूर्व घर की महिलाएं और बच्चे नहा धोकर तैयार हो गए। मां शीतला के दरबार जाने से पहले पूजन सामग्री को घर के सदस्यों के ऊपर उतारा गया। ठंडे भोजन, हल्दी, चावल आदि से देवी मां का पूजन और जलाभिषेक किया। होली पूजन से बची गुलरियां मइया को अर्पित की।
बच्चों के ऊपर मुसक से पानी का छिड़काव कराया। कौढ़ी देवी को अर्पित की। मइया से शारीरिक विकारों से मुक्ति पाने के लिए शीतला मैया से सर्व मंगल की कामना की गई। इसके अलावा शहर के चावड़ गेट स्थित चामुंडा मइया मंदिर में भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही।