हाथरस। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के क्षेत्र में बगैर अफसरों की अनुमति व एस्टीमेट के एचटी लाइन को किसी दूसरी जगह शिफ्ट कर दिए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले की अफसरों ने जांच शुरू कर दी है।
विद्युत महकमे में 11 केवी की लाइन की शिफ्टिंग का मामला शुक्रवार को चर्चा का विषय बना रहा। सूत्रों के मुताबिक यह मामला चंदपा क्षेत्र का है। चंदपा क्षेत्र में एक्सईएन व अन्य अधिकारियों की बिना अनुमति के ही नियमों को ताक पर रखकर बगैर किसी एस्टीमेट के 11 हजार की विद्युत लाइन को शिफ्ट कर दिया गया। इस मामले में कुछ सफेदपोश नेताओं व विद्युत अफसरों का हाथ होने की भी आशंका जाहिर की जा रही है। फिलहाल, इस पूरे मामले में अधिकारी यह बताने से बचते रहे कि लाइन शिफ्टिंग का मामला द्वितीय खंड में किस क्षेत्र का है।
वैसे यह मामला महकमे के लिए नया नहीं है, पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। एक्सईएन द्वितीय खंड नसीर अहमद ने बताया कि बगैर अनुमति के 11 केवी की लाइन शिफ्टिंग का मामला उनके संज्ञान में आया है। इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शनिवार को वह मौके पर जाकर स्थिति को देखेंगे।