खुशखबरी: जिले में आई 1800 एमटी यूरिया
खरीफ की फसलों को देखते हुए कृषि विभाग ने मांग पर मंगवाई रैक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिले में खरीफ की फसलों को देखते हुए कृषि विभाग की मांग पर संबंधित कंपनियों की ओर से जिले में 1800 एमटी यूरिया की रैक भेज दी गई है। अब विभाग की ओर से इस यूरिया को संबंधित समितियों पर भेजा जा रहा है। इस यूरिया को आपूर्ति प्लान के अनुसार और क्षेत्रवार डिमांड को देखते हुए यूरिया की आपूर्ति की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि माह जुलाई में संबंधित कंपनियों की ओर से लक्ष्य के सापेक्ष यूरिया की सप्लाई जिले में नहीं की गई थी। इस कारण किसानों को यूरिया नहीं मिल पाने की शिकायतें जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को मिल रही थी। इस संबंध में तत्काल जिला कृषि अधिकारी डिपिन कुमार द्वारा संबंधित कंपनियों के साथ बैठक कर आपूर्ति प्लान के अनुसार सप्लाई दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस क्रम में बुधवार को इफको कंपनी की 1,328 एमटी यूरिया के रैक जिले में पहुंची। 522 एमटी यूरिया की चंबल केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स कंपनी की रैक पहुंची। इन दोनों कंपनियों से आने वाले यूरिया को आपूर्ति प्लान व डिमांड के अनुसार समितियों पर भेजा जा रहा है, ताकि किसानों को अपनी फसल की गुणवत्ता को देखते हुए मानक के अनुसार यूरिया की खपत हो सके। जिला कृषि अधिकारी डिपिन कुमार ने बताया कि इस यूरिया की खेप को आपूर्ति प्लान के अनुसार संबंधित क्षेत्रों की सोसायटी पर भिजवाया जा रहा है। किसानों को यूरिया की कमी नहीं होने दी जाएगी। वर्तमान में आलू की फसल को लेकर यूरिया की ज्यादा जरूरत पड़ रही है।