कुंजलपुर स्थित खेत में डेढ़ से दो किलो वजन के आलूओं को दिखाता किसान अवधेश तिवारी।
- फोटो : अमर उजाला
रासायनिक खाद और कीटनाशक छोड़ कर क्षेत्र के एक किसान ने गोबर-गोमूत्र और नीम का इस्तेमाल कर आलू की खेती की तो आश्चर्यजनक परिणाम सामने आए। आलू की बेल्ट कहे जाने वाले सादाबाद क्षेत्र के गांव कुंजलपुर में इस किसान के खेत में डेढ़ से दो किलो के वजन के आलू निकले हैं। आलू के साइज को देखकर आसपास के लोग भी आश्चर्य में पड़ गए हैं। काफी लोग तो इतने बड़े-बड़े आलू देखने के लिए खेत तक पहुंच रहे हैं।
गांव कुंजलपुर निवासी किसान अवधेश तिवारी पुत्र जितेंद्र कुमार तिवारी ने अपने 70 बीघा खेत में आलू की फसल बोई थी। कुछ दिनों पहले जब उन्हाेंने अपनी फसल की खुदाई कराई तो छह बीघा खेत में एक से लेकर डेढ़ और दो किलो तक के आकार के आलू निकले। यह देखकर किसान अवधेश काफी खुश हुए। उन्हाेंने बताया कि करीब 552 बोरों में इन बड़े आकार के आलू को भरा गया है।