हाथरस। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में नकल का खेल रुक नहीं रहा। जिले में शुक्रवार को 5,754 और परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह की पाली में एडी बेसिक के सचल दल ने मुरसान क्षेत्र के विद्यालयों में छापेमारी की, लेकिन सभी जगह परीक्षाएं सही तरीके से होती हुई मिलने का दावा किया गया है।
सुबह की पाली में हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा हुई। परीक्षा में 35,962 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 30,208 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 5,754 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग नहीं लिया। परीक्षा के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी सादाबाद के सचल दल ने श्रीराधाकृष्ण इंटर कॉलेज पोरा में छापा मारा। एक नकलची को नकल करते हुए पकड़ा गया, जिसको रिस्टीकेट कर दिया गया।इंटरमीडिएट की परीक्षा में सुबह चित्रकला आलेख की परीक्षा में 1,902 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1,756 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 146 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट चित्रकला प्राविधिक की परीक्षा में 175 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 136 ने परीक्षा दी और 39 अनुपस्थित रहे, जबकि शाम की पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा हुई। इसमें कोई नकलची सचल दलों के हाथ नहीं लगा। सादाबाद के एसएडी इंटर कॉलेज में शाम की पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान की परीक्षा में एक परीक्षार्थी उत्तरपुस्तिका लेकर भाग गया। इस संबंध में केंद्र व्यवस्थापक ने कोतवाली सादाबाद में तहरीर दे दी है।