नगर निकाय चुनाव के लिए 11 मई को होने वाले मतदान के लिए मतदान कार्मिकों का दूसरे चरण का प्रशिक्षण 5 व 6 मई को संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज में होगा। इसे लेकर जिले के करीब 1600 मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण संबंधी ड्यूटियां निकाल दी गई हैं। इन कार्मिकों मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से पोलिंग पार्टी वार प्रशिक्षित किया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में जिले में 11 मई को नौ नगर निकायों के लिए मतदान होगा। मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिए जाने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से खाका खींच लिया गया है। पूर्व में पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी प्रथम को प्रथम प्रशिक्षण दे दिया गया है। अब दूसरे चरण में पोलिंग पार्टी वार प्रशिक्षण दिए जाने के लिए प्रशासन की ओर से कार्यवाही तेज कर दी गई है। प्रशिक्षण के लिए प्रशासन की ओर से मास्टर ट्रेनरों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। संवाद
पिंक बूथ वाली कार्मिकों का प्रशिक्षण आज
हाथरस। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में जिले की प्रत्येक नगर निकाय में एक पिंक बूथ बनाया गया है। इन बूथों पर महिला मतदान कार्मिकों की तैनाती की गई है। इन कार्मिकों को मंगलवार को विकास भवन सभागार में मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। इसे लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है। संवाद