सिर पर मतपेटिका को रखकर ले जाते मतदान कर्मी। संवाद
- फोटो : samvad
जिले में दूसरे चरण में 11 मई को होने वाले मतदान के लिए बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच तहसील मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियां मतदेय स्थलों के लिए रवाना हो गईं। शाम तक सभी 348 मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टियों ने पहुंचकर मतदान की तैयारी शुरू कर दी। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने बूथों पर पहुंचकर पोलिंग पार्टियों के पहुंचने की पुष्टि की। बूथों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले की दो नगर पालिका और सात नगर पंचायतों में 11 मई को मतदान होगा। मतदान के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है। इस क्रम में जिले की तहसील सादाबाद में मंडी समिति से 47 पोलिंग पार्टी, तहसील सिकंदराराऊ में महाराणा प्रताप राजकीय विद्यालय से 84 पोलिंग पार्टी, तहसील हाथरस में एमजी पॉलीटेक्निक से 205 और केएल जैन इंटर कॉलेज सासनी से 12 पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। शाम तक यह भी पोलिंग पार्टियां अपने अपने मतदेय स्थलों पर पहुंच गईं।
जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों ने इन मतदेय स्थलों का मुआयना कर पोलिंग पार्टियों के पहुंचने की रिपोर्ट प्रशासनिक अफसरों को दी। जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को पोलिंग पार्टियों को समय से रवाना करने के निर्देश दिए।