पोरा चौकी क्षेत्र के गांव जिरौली कलां के निकट बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे दुर्घटना में साइकिल और बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई। शुक्रवार को मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव कर लिया। उनका आरोप है कि टक्कर के बाद साइकिल सवार के साथ आए लोगों ने बाइक चालक को पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
गांव नगला हरिराम जिरौली निवासी सुनील कुमार (21) पुत्र स्वर्गीय हरबल सिंह बृहस्पतिवार की रात्रि 8 बजे बाइक से अपने गांव जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक की टक्कर खेत से घर आ रहे विकास कुमार पुत्र महावीर सिंह निवासी जिरौली कलां की साइकिल से हो गई। हादसे में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रात में ही अलीगढ़ रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार की सुबह सपा नेता ओमवती यादव, डॉ. ललित बघेल व मनोज बघेल सहित काफी लोग कोतवाली पहुंच गए और वहां घेराव करते हुए कहा कि सुनील की मौत पिटाई से हुई है। सूचना पर सीओ श्यामवीर सिंह कोतवाली आ गए और लोगों को समझाने लगे। उन्होंने कहा कि टक्कर के बाद घायल को वहां लोगों ने पानी पिलाया। मारपीट की बात कहीं सामने नहीं आ रही है, जबकि मृतक के परिजन और सपा नेता हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की बात कहने लगे। सीओ ने कह दिया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता लगेगा कि मौत कैसे हुई है। उसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।