केमिकल फैक्ट्री के रसायनों के नमूने जांच के लिए भेजे
सादाबाद गेट स्थित रंग की फैक्टरी में अग्निकांड की पुलिस कर रही छानबीन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। केमिकल फैक्टरी में आग लगने के बाद अब पुलिस फैक्टरी में मिले रसायनों के नमूनों की जांच करा रही है। पुलिस ने मौके पर मिले रंग, सैकरीन और कोयला आदि के 23 नमूनों को जांच के लिए आगरा की विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा है।
उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पहले संजीव कुमार पुत्र रामबाबू लाल निवासी गणेश सिटी गिजरौली की सादाबाद गेट बूटीनाथ मंदिर के निकट स्थित रंग, हींग और केमिकल की फैक्ट्री में आग लग गई थी। आग पर काबू पाने के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी एके सिंह, एएसआई बीएस पाल, कोतवाल प्रवेश राणा, कांस्टेबल गौरव अत्री, कांस्टेबल ओम कुमार, अमित शर्मा निवासी चक्की बाजार, नरेंद्र वार्ष्णेय निवासी किशोर टॉकीज, विनोद प्रेमी सभासद व गोपाल निवासीगण सादाबाद गेट आदि लोग घायल हो गए थे।
तीन दिन तक लगातार आग को बुझाने में फायर ब्रिगेड कर्मी लगे रहे थे। यहां से पुलिस ने कई रंग सहित रसायनों के नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला आगरा भेजा गया है, ताकि यह बात सामने आ सके कि आखिर फैक्टरी में आग किस केमिकल के कारण लगी और यहां पर कौन-कौन से रसायनों को बनाए जाने का काम हो रहा था। इंस्पेक्टर क्राइम डीके वर्मा ने बताया कि फैक्टरी से लिए गए 23 अलग-अलग रसायनों को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला आगरा भेजा गया है, ताकि इसकी जानकारी हो सके कि जो विस्फोट हुआ था, उसका कारण क्या था।