पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा आज से 10 जून तक 13 केंद्रों पर होगी। इसमें 30240 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए पुलिस एआई तकनीक का प्रयोग करेगी। परीक्षा केंद्रों पर बायोमीट्रिक हाजिरी के दौरान एआई से संदिग्ध या मुन्नाभाई पर नजर रखी जाएगी।
एक दिन में दो पाली होंगी। प्रत्येक पाली में 5,040 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह की पाली में 10 से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। अभ्यर्थी दो स्तरीय कड़े सुरक्षा घेरे से गुजर कर ही परीक्षा कक्ष तक पहुंच सकेंगे।
राजस्थान व मध्यप्रदेश से भी आएंगे अभ्यर्थी
भर्ती परीक्षा में केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि आगरा, अलीगढ़, एटा, कासगंज व मथुरा जैसे पड़ोसी जिलों के साथ-साथ राजस्थान और मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंच रहे हैं।
बाहरी परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसके अलावा, शहर के प्रमुख तालाब चौराहा व अन्य व्यस्त चौराहों पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे, जो अभ्यर्थियों को केंद्रों का रास्ता बताने और अन्य जरूरी सहायता के लिए मौजूद रहेंगे।
सघन चेकिंग के बाद ही मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर ही परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली जाएगी। इसके बाद बायोमीट्रिक मशीन के जरिए अभ्यर्थी की जांच की जाएगी। इसके बाद ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा। यह सारी प्रक्रिया सीसीटीवी में होगी।
केवल पेन, पहचान पत्र व प्रवेश पत्र जाएंगे अंदर
केंद्र के भीतर अभ्यर्थी अपने साथ पाठ्य सामग्री, कागज के टुकड़े, ज्योमेट्री/पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, क्रेडिट या डेबिट कार्ड, स्केल, पेन ड्राइव, इरेजऱ और इलेक्ट्रॉनिक पेन/स्कैनर जैसी चीजें नहीं ले जा सकेंगे। किसी भी प्रकार के डिजिटल उपकरण, सामान्य घड़ी, बटुआ, काला चश्मा और टोपी ले जाने पर भी पूरी तरह पाबंदी रहेगी। अभ्यर्थी अपने साथ केवल पेन, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र ही अंदर ले जा सकेंगे।
यातायात व्यवस्था में लगे 50 पुलिस कर्मी
परीक्षा के दौरान यातायात को लेकर भी पुलिस सतर्क रहेगी। शहर में भारी वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। केवल रोडवेज बसें ही अंदर आ सकेंगी। यातायात पुलिस के 20 पुलिस कर्मियों के अलावा 30 सिविल पुलिस के जवान यातायात की कमान संभालेंगे।
- परीक्षा की तैयारियां पूर्ण हैं। रात में भी केंद्रों का भ्रमण किया गया है। सीसीटीवी व कंट्रोल रूम के जरिए चप्पे-चप्पे पर निगरानी रहेगी। - रामानांद कुशवाहा, एएसपी
.......
ये बनाए गए केंद्र
सरस्वती इंटर कॉलेज आगरा रोड, सरस्वती महाविद्यालय, आगरा रोड, श्री उमेशचंद्र आदर्श विद्या निकेतन, नवीपुर, डीआरबी इंटर कॉलेज, आगरा रोड, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, लाला का नगला, श्रीराम बाग इंटर कॉलेज, अलीगढ़ रोड, श्रीअक्रूर इंटर कॉलेज, अलीगढ़ रोड, पीसी बागला डिग्री कॉलेज, पीबीएएस इंटर कॉलेज