चंदपा। कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहनपुरा निवासी राममूर्ति देवी साइबर अपराध का शिकार हो गईं। शातिर ठगों ने उनके यूनियन बैंक खाते से आठ बार में कुल चार लाख चौबीस हजार रुपये उड़ा लिए।
यह धनराशि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए प्लॉट बेचकर जमा कराई थी। खास बात यह है कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने 20 घंटे के अंदर दो लाख रुपये वापस करा दिए।
सोमवार को राममूर्ति देवी के मोबाइल पर बैंक से पैसे कटने के लगातार संदेश आने लगे। परिजनों ने देखा कि खाते से 4,24,000 रुपये निकल चुके हैं, जिससे वे हैरान रह गए।
पीड़ित परिवार तुरंत चंदपा कोतवाली पहुंचे और पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस की साइबर टीम ने इस पर त्वरित कार्रवाई की। तकनीकी जांच शुरू की गई और महज 20 घंटे के भीतर ठगे गए पैसों में से दो लाख रुपये बरामद कर लिए गए।
चंदपा कोतवाल योगेश कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला के आधे पैसे वापस करा दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शेष बचे रुपये भी जल्द ही बरामद कर लिए जाएंगे।