संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। संवेदनशील, अति संवेदनशील और अति संवेदनशील प्लस मतदेय स्थलों को चिन्हित कर सूची भी तैयार कर ली गई। सादाबाद और सहपऊ ब्लाक में इस बार कुल 230 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 447 मतदेय स्थलों बूथों पर मतदाता मतदान कर सकेंगे। इनमें 380 बूथ ऐसे हैं, जहां प्रशासन को खास सतर्कता बरतनी होगी। फिलहाल, यह सूची प्रशासन को सौंप दी गई है।
गौरतलब हो कि इस बार ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत का चुनाव एक साथ हो रहा है। पिछले चुनाव में हुए तनाव व छिटपुट घटनाओं के आधार पर प्रशासन की ओर से संवेदनशील, अति संवेदनशील और अति संवेदनशील प्लस बूथों की प्राथमिक सूची तैयार की गई है। पुलिस और अधिकारियों को यह सूची सौंपी गई है, जिससे कि चुनाव से पूर्व ही पुरानी रंजिश या अन्य मामलों को मध्यस्थता कर निपटाया जा सके।
विवादों के निपटारे के बाद अंतिम सूची में केंद्रों की संख्या घट बढ़ भी सकती है। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि सादाबाद और सहपऊ ब्लॉक के मतदान केंद्र और मतदेय स्थलों की प्राथमिक सूची तैयार कर ली गई है। अंतिम सूची बाद में तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को भी परखा जाएगा।
सादाबाद ब्लॉक में इन गांवों में बने हैं अति संवेदनशील प्लस बूथ
एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल ने बताया कि सादाबाद ब्लॉक में मिढावली, नगला छत्ती, जारऊ, कुरसंडा, एदलपुर, कजरौठी, बीजलपुर, बहादुरपुरभूप, वेदई, करैया सहित कुल 10 गांवों में 32 अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन बूथों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती रहेगी।
सादाबाद ब्लॉक की यह है स्थिति
कुल ग्राम पंचायत 58
कुल मतदान केंद्र 140
कुल बूथ 283
सामान्य केंद्र 43
संवेदनशील बूथ 89
अति संवेदनशील बूथ 119
अतिसंवेदनशील प्लस बूथ 32
सहपऊ ब्लाक की यह है स्थिति
कुल ग्राम पंचायत 51
कुल मतदान केंद्र 90
कुल बूथ 164
सामान्य केंद्र 24
संवेदनशील बूथ 58
अति संवेदनशील बूथ 72
अति संवेदनशील बूथ प्लस 10