हाथरस में अमर उजाला के बैनर तले 26 सितंबर को आयोजित पुलिस की पाठशाला में पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने छात्राओं को सुरक्षा का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपने साथ होने वाले व्यवहार पर घबराना नहीं चाहिए, चुप्पी तोड़कर खुलकर बोलना चाहिए। अभिभावकों के साथ पुलिस को भी अपने साथ हुए व्यवहार की जानकारी दें।
विज्ञापन
आगरा रोड स्थित दून पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में एसपी ने छात्राओं को चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो, का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते साइबर अपराधों जैसे फ्रॉड स्कीम, फर्जी एपीके फाइल, डिजिटल अरेस्ट, एआई से एडिट फोटो-वीडियो और अपरिचित नंबर से कॉल कर ठगी करने जैसी घटनाओं से सावधान रहने की जरूरत है।
विज्ञापन
उन्होंने छात्राओं को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के अलावा 1090, 112, 1098, 181 की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में एआई का प्रयोग तेजी से हो रहा है। एआई को जानना जरूरी है, लेकिन एआई को नेगेटिव नहीं, बल्कि क्रिएटिव के रूप में प्रयोग करें। जीवन में अनुशासन बहुत जरूरी है। इस मौके पर कक्षा 12 की छात्रा ध्रीती ने साइबर अपराध के बारे में अपने विचार रखे।
एसपी ने एक छात्रा को अमर उजाला ईयर बुक देकर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य जेके अग्रवाल ने शिक्षा के साथ कानून की जानकारी रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम तेजी से फैल रहा है। जागरूकता ही इससे बचाव का एकमात्र उपाय है। मौके पर साइबर अपराध थाना प्रभारी आशीष कुमार, मिशन शक्ति प्रभारी सुनीता मिश्रा आदि मौजूद रहीं।