संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
हसायन कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। इनका एक साथी भागने में सफल रहा। पकड़े गए बदमाशों से पुलिस ने चोरी की 15 बाइकें भी बरामद की हैं। इनके पास से चार तमंचे भी बरामद किए गए हैं। बदमाश बाइकों को चोरी कर बेचते थे। पुलिस इनके फरार साथी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार ने वार्ता कर हसायन पुलिस के इस गुडवर्क के बारे में जानकारी दी। एएसपी ने बताया कि रविवार की रात को करीब दस बजे थाना हसायन प्रभारी मृदुल कुमार सिंह मय फोर्स के साथ गश्त कर रहे थे। इस बीच दो बाइकों पर सवार चार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को नजर आए। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर चारों संदिग्धों को गड़ौला स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। पकड़े गए चारों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं।
पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम देवेश पुत्र चंद्रपाल निवासी नवलगढ़ी, प्रताप पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी सलेमपुर थाना हाथरस जंक्शन, रजी मोहम्मद पुत्र निजामुद्दीन निवासी रघुनाथपुर थाना हसायन और रामखिलाड़ी पुत्र विजय सिंह निवासी नगला अहीर थाना हाथरस जंक्शन बताया। बदमाशों ने अपने फरार साथी का नाम देवेश पुत्र चंद्रपाल निवासी नवलगढ़ी बताया। चारों बदमाशों की निशानदेही पर गांव इटर्नी के पास बंद पड़े पाठक भट्ठे में से पुलिस ने 15 बाइकें बरामद कीं। इसके साथ तमंचा व कारतूस भी बरामद किए गए। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ मृदुल कुमार सिंह, एसआई रामाधार यादव, एसआई अरविंद सिंह, एसआई तेजेंद्र सिंह, राहुल कुमार, तरुण कुमार, राहुल कुमार व विक्रांत शामिल थे। एएसपी ने बताया कि बदमाश विभिन्न स्थानों से बाइकों को चोरी कर इन्हें कम दामों पर बेच देते थे। बरामद बाइकों में आगरा, एटा व अलीगढ़ से चोरी की गई बाइकें भी शामिल हैं।