फौजी सहित तीन को पुलिस ने जमकर पीटा, शांति भंग के आरोप में बनाया बंदी
पुलिस बोली, नशे में धुत थे तीनों, पुलिस टीम से की थी अभद्रता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। मुरसान पुलिस की एक फौजी सहित तीन युवकों से कहासुनी और मारपीट हो गई। पुलिस ने तीनों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि तीनों नशे में धुत थे और पुलिसकर्मियों से अभद्रता कर रहे थे, जबकि इन तीनों का पुलिस पर आरोप है कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में जमकर पीटा है। इन तीनों का चिकित्सकीय परीक्षण जिला अस्पताल में कराया है।
बुधवार की देर रात को मुरसान पुलिस गश्त पर थी तो कोतवाली निरीक्षक मुरसान सत्यप्रकाश के मुताबिक मथुरा रोड दयालपुर के पास तीन युवक रोड पर नशे की हालत में खड़े हुए थे। उनसे गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों ने पूछताछ की तो वह पुलिस कर्मियों से अभद्रता करने लगे। यहां पर काफी कहासुनी हुई। जिसके बाद तीनों को थाने लाया गया और उनका शांतिभंग में चालान किया गया। तीनों का डॉक्टरी मुआयना भी कराया गया।
सुबह कुछ लोग आए और उन्हें छोड़ने की बात करने लगे। उनके कहे अनुसार युवकों को छोड़ा नहीं गया तो अब वह मारपीट व अभद्रता किए जाने का आरोप पुलिस पर लगा रहे हैं। जबकि इन का कहना है कि ऐसी कोई बात नहीं है, पुलिस कर्मियों द्वारा जानबूझ कर हमारे साथ अभद्रता व मारपीट की गई है। इस मामले की शिकायत डीएम से भी की गई है। इनमें एक फौजी भी शामिल है।