रेलवे स्टेशन के सामने सात जून को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस ने कस्टडी रिमांड पर लिए गए आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और उसकी नाल में फंसा कारतूस का खोखा बरामद किया है।
पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार अलीगढ़ भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि बुधवार को उपनिरीक्षक हरिओम अग्निहोत्री ने न्यायालय से स्वीकृत कस्टडी रिमांड पर आरोपी अन्नू उर्फ अनूप (23) पुत्र अशोक कुमार निवासी नगला अनी से पूछताछ की।
उसकी निशानदेही पर मथुरा-हाथरस रोड स्थित कंचना फाटक से करीब 100 मीटर आगे शीतला मेवा मोड़ से पहले सड़क किनारे झाड़ियों से तमंचा बरामद हुआ। गौरतलब है कि घटना में नगला तजमा निवासी 68 वर्षीय प्रमोद कुमार गोली लगने से घायल हुए थे। पुलिस ने तीन नामजद और छह-सात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। संवाद