क्षेत्र के गांव नारई में बृहस्पतिवार दोपहर भंडारे का प्रसाद नहीं लेने की बात पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हल्का बल प्रयोग कर लोगों को शांत किया। तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद दर्जनों महिलाएं कोतवाली पर पहुंच गईं, उन्होंने दूसरे पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया।
पुलिस ने बताया कि नारई में एक समाज ने 11 मई से राम कथा कराने की तैयारियां की, लेकिन अचानक कुछ लोगों ने कथा में भाग लेने से किनारा कर लिया। चंदा लेकर राम कथा का आयोजन किया गया, जिसमें 18 मई को भंडारा हुआ।
इसमें कथा से किनारा करने वालों ने प्रसाद ग्रहण नहीं किया। बृहस्पतिवार की दोपहर भंडारे का प्रसाद ग्रहण नहीं करने को लेकर दोनों पक्ष के लोगों में वाद विवाद हुआ। मारपीट हुई, जिससे हंगामा हो गया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि दो पक्षों में मारपीट हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।