भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक किए जाने के बाद पाक से जुड़ी हर गतिविधि लोगों में दहशत पैदा कर रही है। शहर के तमाम लोगों पर पाकिस्तान के नंबरों से फोन कॉल आ रही हैं। कॉलर आईडी पर पाकिस्तान लिखा हुआ आ रहा है। ऐसी कॉल रिसीव करने से फोन में मौजूद डाटा के चोरी होने की आशंका से लोग डरे हुए हैं और इन नंबरों को नहीं उठा रहे।
शहर के इंदिरा नगर कॉलोनी निवासी एक युवक के फोन पर दो दिन पहले एक अंजान नंबर से फोन आया। कॉलर आईडी पर नंबर के साथ पाकिस्तान भी लिखकर आ रहा था। युवक इस नंबर को देखकर इसलिए भी हैरत में पड़ गया, क्योंकि यह 12 डिजिट का था। युवक ने जब इस नंबर के बारे में पता किया तो यह पाकिस्तान का निकला। युवक के मुताबिक उनका पाकिस्तान में कोई रिश्तेदार नहीं है और न ही किसी मामले में उन्होंने पाकिस्तान के किसी व्यक्ति से संपर्क साधा है। ऐसे में उन्हें दो से तीन बार फोन किया गया, जो उन्हें समझ नहीं आया।
मोहनगंज के भी एक युवक के पास तो पाक से कई बार फोन आया, लेकिन उन्होंने भी समझदारी दिखाई और फोन रिसीव नहीं किया। हालांकि इस बारे में उन्होंने अपने परिजनों और दोस्तों को जरूर बताया। वहीं बांस मंडी निवासी युवक को भी पाकिस्तान से आ रहे फोन कॉल से परेशान हैं। ये सभी यह सोच रहे हैं कि आखिर इन्हें ये फोन कॉल्स कहां से और क्यों आ रही हैं। इसके पीछे किसी का कोई गलत मकसद तो नहीं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस बारे में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।
बीएसएनएल के उप मंडलीय अभियंता फोंस यश तिवारी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 92 से शुरू होने वाला 12 डिजिट का नंबर पाकिस्तान का है, लेकिन इस तरह के कॉल बीएसएनएल के नेटवर्क पर नहीं आ सकती। बीएसएनएल ने इस तरह की कॉल से खुद को सुरक्षित रखने के लिए नेटवर्क को प्रोटेक्ट किया हुआ है। हो सकता है कि प्रोटेक्ट नहीं होने से ही इस तरह की अंजान कॉल आ रही हैं। बीएसएनएल के नंबर पर तो कॉल के साथ संबंधित देश का कोड ही शो होता है, देश का नाम नहीं आता। उपभोक्ता को इस तरह की कॉल की शिकायत अपनी कंपनी के अधिकारियों से करनी चाहिए।