हाथरस। रविवार के दिन जिलेभर की बैंक शाखाओं और डाकघरों में ग्राहकों की भीड़ टूट पड़ी। पिछले दिनों से काफी अधिक संख्या में 500-1000 के नोट बदलने, जमा करने और नई करेंसी निकालने के लिए लाइनों में लगे लोग धक्के खाते रहे। एटीएम पर पैसा मिला नहीं, वहीं कई बैंक शाखाओं में भी कैश खत्म हो गया। छह छह घंटे लाइन में खड़े लोगों को बैंक बंद कर वापस कर दिया गया।
बैंक शाखाओं के अंदर व बाहर मारामारी के हालात रहे। शहर के सादाबाद गेट स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से पैसे न निकलने पर लोगों ने हंगामा किया। चूना वाला डंडा स्थित पीएनबी की बैंक शाखा में बैंक के अंदर घुसने के लिए जमकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिस वालों के भीड़ को संभालने में पसीने छूटते रहे। मुख्य डाकघर में भी रुपयों को जमा करने को लेकर जमकर हायतौबा मची रही। एक महिला ने यहां जमकर हंगामा काटा। मुरसान स्थित एसबीआई की शाखा में भीड़ बेकाबू हो गई, इससे शीशा टूटने से कई लोग घायल हो गए।
चार हजार में दो हजार की खेरीज
कई बैंक शाखाओं में पांच सौ और हजार के नोट बदलवाने जा रहे लोगों को दो हजार रुपये के नोट और दो हजार रुपये की खेरीज दी जा रही है। इस खेरीज में भी दस दस के सिक्के दिए जा रहे हैं।
पुलिस वाले बांट रहे फॉर्म
बैंकों के पास भीड़ का इस कदर आलम है कि बैक कर्मियों के साथ ही पुलिस को भी नोट बदलने के फार्म बांटने पड़ रहे हैं। कई बैंकों में इसे देखा जा सकता है। गेट के पास बैठे पुलिस कर्मी ही फार्म दे रहे हैं।
किसानों के खातों में जमा करा रहे काला धन
एक हजार और पांच सौ के नोट बंद कर दिए जाने से टेंशन में चल रहे काले धन वाले लोग मुसीबत से बचने के लिए नए नए हथकंडे अपना रहे हैं। हाथरस में कई तरह की तिकड़म सामने आई है। यह लोग अब अपनी काली कमाई को किसानों के खातों में जमा कराने लगे हैं। आयकर विभाग को इसकी जानकारी है। ऐसे खातों पर नजर रखी जा रही है, जिसमें अचानक मोटी रकम पहुंच रही है।