दो समुदाय के लोगों में मारपीट, चाकूबाजी
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव धातरा खुर्द का मामला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट के गांव धातरा खुर्द में मामूली विवाद में दो समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। उनके बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू मारकर घायल करने का आरोप लगाया है। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।
गुरुवार की सुबह कोतवाली हाथरस गेट के गांव धातरा खुर्द निवासी विजय पुत्र ज्ञान सिंह व ज्ञान सिंह पुत्र भूप सिंह ट्रैक्टर ट्राली से आलू के कट्टे खाली कर रहे थे। आरोप है कि इसी बीच दूसरे समुदाय के लोग वहां पर थ्रेशर चलाने लगे। जिसे ज्ञान सिंह ने थोड़ी देर बंद रखने को कहा। इसी बात पर उनके बीच बहस होने लगी और फिर दूसरे समुदाय के लोग हमलावर हो गए और पिता पुत्र पर हमला बोल दिया।
आरोप है कि उन्होंने चाकू मार कर ज्ञानसिंह को जख्मी कर दिया, पुत्र पर भी जानलेवा हमला किया गया। 100 डायल पर सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को आते देख आरोपी भाग गए। घायलों को पुलिस अपने साथ थाने ले आई। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। एसएचओ संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि इस मामले में तहरीर प्राप्त हो गई। तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।