संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने एवं जमा करने की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई। इसको लेकर सुबह से ही ब्लॉक कार्यालय परिसर में उम्मीदवारों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। इससे पहले शुक्रवार की देर शाम पीडब्ल्यू विभाग ने ब्लॉक कार्यालय से नामांकन खरीदने एवं भरकर जमा करने वाली खिड़कियों के आगे बैरीकेडिंग कर दी।
शनिवार की सुबह से ही ब्लॉक कार्यालय एवं आसपास के मार्ग पर पुलिस तैनात थी। ब्लॉक परिसर में भीड़ जमा नहीं हो इसके लिए एसडीएम सादाबाद राजेश कुमार, तहसीलदार ज्योत्स्ना सिंह एवं नायब तहसीलदार राकेश चंद्रा भी मौके पर डटे रहे।
सुरक्षा की दृष्टि से एएसपी प्रकाश कुमार, सीओ सादाबाद ब्रह्म सिंह एवं कोतवाल सत्य प्रकाश भी अन्य थानों से आई पुलिस बल के साथ समय-समय पर ब्लॉक परिसर एवं उसके आसपास का जायजा लेते रहे। शाम के पांच बजे ब्लॉक कार्यालय का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया और उसके अंदर नामांकन पत्र जमा करने के अलावा सभी को बाहर कर दिया गया।