प्रधान पद के लिये महिला ढोल नगाढ़ों के साथ नामांकन को जाते प्रत्याशी।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
विकास खंड कार्यालय पर गाम प्रधान, ग्राम सभा सदस्य, क्षेत्र पंचायत के सदस्य पद के नामांकन के लिए प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। कोई ट्रैक्टर से जत्थे के साथ पहुंचा था तो कोई खुली कार से आया था। नामांकन के बाद सभी प्रत्याशी व समर्थक जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए लौट गए। अधिकारियों ने बताया कि नामांकन कार्य आज (रविवार) भी होगा।
शनिवार की सुबह से ही विकास खंड कार्यालय पर भीड़ उमड़ पड़ी। सैकड़ों लोगों ने नामांकन पत्र भी खरीदे। उसके बाद पत्र भरवाने के लिए वकीलों के पास पहुंच गए। बरतर खास ग्राम सभा के लिए सोनू यादव पूरा काफिला लेकर पहुंचे थे। ग्राम सभा अगसौली के लिए विनीता यादव पत्नी प्रमोद यादव ढोल नगाड़ों के साथ पर्चा भरने आईं।
कचौरा के आयुर्वेद दवा निर्माता मुकेश चौहान ने बीडीसी पद के लिए अपना नामांकन पत्र बीडीओ योगेंद्र सिंह को दिया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। नामांकन के लिए केवल प्रत्याशी व प्रस्तावक को ही अंदर जाने दिया जा रहा था। प्रधान पद, ग्राम सभा सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। दोपहर में एडीएम जेपी सिंह ने नामांकन कार्य का जायजा लिया। एसडीएम मनोज कुमार सिंह भी लगातार स्थिति पर निगाह बनाए रखे थे।
इधर, पार्किंग का उल्लंघन करने पर सैकड़ों गाड़ियों का पुलिस ने चालान किया। ब्लॉक परिसर से कोतवाल प्रवेश राना पूरे दिन लोगों को खदेड़ते रहे। दमकल गाड़ी व अश्रु गैस स्क्वायड तैनात रही। कार्यालय के गेट पर मेटल डिटेक्टर से लोगों को गुजारा गया। अंदर घुसते ही सैनिटाइजर से हाथ साफ कराया गया और तापमान भी जांच किया गया।
प्रधान पद के लिए नामांकन करने जाते प्रत्याशी। - फोटो : SIKANDHRA RAHU