कोषागार से पेंशन प्राप्त कर रहे पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी खबर है। जिन पेंशनरों के वार्षिक जीवन प्रमाणपत्र जमा करने का समय समाप्त हो रहा है, वे अब बिना कोषागार के चक्कर लगाए अपने स्मार्टफोन के माध्यम से घर बैठे ही डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।
हाथरस वरिष्ठ कोषाधिकारी आशुतोष कुमार ने समस्त पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से अपील की है कि वे समय सीमा का ध्यान रखते हुए ऑनलाइन माध्यम से अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनवाना सुनिश्चित करें। डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाने की दो-स्तरीय प्रक्रिया है। प्रमाणपत्र बनाने के लिए पेंशनर अपने स्मार्टफोन के प्ले स्टोर से आधार फेस आरडी और जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड कर लें।
ऐसे करें घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र प्रस्तुत
इसमें सबसे पहले ऐप में आधार संख्या दर्ज करें। आधार से लिंक मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करें। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी डालकर सत्यापन करें। इसके बाद चेहरे की पहचान की प्रक्रिया पूरी कर डिवाइस का पंजीकरण करें।
दूसरे चरण में पेंशनर का विवरण और आधार संख्या दर्ज करें और आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर दर्ज करें। पेंशनर का पूरा नाम और पेंशन का प्रकार चुनें। स्वीकृति प्राधिकारी में उत्तर प्रदेश शासन का चयन करें। भुगतान करने वाली संस्था उत्तर प्रदेश कोषागार/उपकोषागार चुनें। संबंधित कार्यालय में हाथरस का चयन करें।