सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक न मिलने कारण मरीज को उपचार और परामर्श लेने के लिए घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बृहस्पतिवार को भी बड़ी संख्या में मरीज चिकित्सक के न मिलने पर इलाज के लिए भटकते नजर आए। उन्हें करीब एक घंटा तक चिकित्सक के आने का इंतजार करना पड़ा।
अन्य मरीज भी चिकित्सक कक्ष में खाली पड़ी कुर्सियों को देखकर चिकित्सकों को खोजते हुए अस्पताल परिसर में घूमते रहे। काफी देर बाद महिला चिकित्सक के द्वारा मरीज को उपचार दिया गया। बता दें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी एक महिला चिकित्सक के भरोसे ही चल रही है, जबकि यहां प्रतिदिन 100 से ज्यादा मरीज आते हैं। यह महिला चिकित्सक अपने जरूरी कार्य से कुछ देर के लिए अगर अपने कक्ष बाहर चली जाएं तो उनकी जगह कोई भी चिकित्सक मरीजों को देखने के लिए नहीं है।
एक्सरे कक्ष में दिनभर लटका रहा ताला
सीएचसी के एक्सरे कक्ष पर बृहस्पतिवार को दिनभर ताला लटका रहा। इस कारण कई मरीज बिना एक्सरे कराए निराश होकर लौट गए। सीएचसी पर एक्सरे मशीन है और यहां तकनीशियन की भी तैनाती है, लेकिन बृहस्पतिवार को एक्सरे कक्ष में ताला लगा होने के कारण दिन भर मरीज लौटते रहे हैं।
एक्स रे तकनीशियन को जिला अस्पताल से संबद्ध कर लिया गया है। इस कारण सीएचसी पर एक्सरे नहीं हो पा रहे। चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए कई बार जिला मुख्यालय के अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
-डाॅ. प्रकाश मोहन, प्रभारी सीएचसी
मेरे पैर में कुत्ता काट गया था। इसका इंजेक्शन लगवाने के लिए मैं बृहस्पतिवार की दोपहर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आया हूं, लेकिन एक घंटा के करीब इंतजार करने के बाद भी मुझे इंजेक्शन नहीं लगाया गया।
-शरद निवासी फरसौटी
बृहस्पतिवार की सुबह गांव कोरना में बच्चों के विवाद में मारपीट हो गई थी। मेरी पत्नी विमलेश को काफी चोटें आई हैं। विमलेश के हाथ की हड्डी टूट गई। इसका एक्सरा कराना है, लेकिन उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
-हाकिम निवासी कोरना