हाथरस सिटी स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर तत्काल टिकट की बुकिंग कराने के लिए लगी कतार। संवाद।
- फोटो : Samvad
लंबी दूरी की ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के चलते तत्काल आरक्षण कराने के लिए यात्रियों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। शुक्रवार को तत्काल टिकट के लिए कई यात्री तड़के ही रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। सुबह चार बजे से ही आरक्षण केंद्रों के बाहर कतार लग गई।
यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों में सीटों की कमी के कारण तत्काल कोटे में भी टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। कई यात्रियों को तो तीन फॉर्म तक ही आरक्षण मिल पाया, जबकि अन्य को निराश होकर लौटना पड़ा। हाथरस सिटी स्टेशन पर करीब 12 यात्री तत्काल टिकट के लिए पहुंचे, जबकि हाथरस किला स्टेशन पर लगभग 10 लोगों ने आरक्षण कराने का प्रयास किया।
कोटा खुलते ही कुछ मिनटों में ही सीटें फुल हो गईं, जिससे कई लोगों को टिकट नहीं मिल सका। सबसे अधिक मारामारी मुंबई जाने वाली ट्रेनों के लिए देखी गई। इसके अलावा गुजरात और अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों को भी कन्फर्म आरक्षण नहीं मिल सका। यात्री कुंवरपाल ने बताया कि होली के बाद काम पर लौटने के कारण ट्रेनों में भीड़ अधिक है, जिससे तत्काल टिकट पाना काफी कठिन हो गया है।
सोनवीर ने बताया कि उन्हें वैष्णो देवी जाने के लिए कटरा या जम्मू के लिए आरक्षण चाहिए था, इसलिए वह सुबह करीब सात बजे स्टेशन पर पहुंच गए, लेकिन पहला या दूसरा नंबर नहीं मिल सका। जब तक मेरा नंबर आया, तब तक आरक्षण पूरी तरह से भर चुका था। वरिष्ठ वाणिज्य अधीक्षक हाथरस सिटी विपिन सारस्वत ने बताया कि होली के चलते तत्काल कोटे में फाॅर्म की संख्या बढ़ गई है।