हाथरस। मधुगढ़ी गांधी पार्क में अवैध कब्जे को रोेकने के लिए नगर पालिका द्वारा कटीले तारों की बेरीकेडिंग कराए जाने पर कुछ लोगाें ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध के चलते पालिका कर्मचारियों की टीम बिना बेरीकेडिंग किए ही वापस लौट आई। विरोध करने वाले लोगों से वाल्मीकि समाज के लोगों की भी नोक-झोंक हुई। विरोध की जानकारी मिलने पर कांग्रेस शहराध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य के नेतृत्व में काफी कांग्रेसी भी पहुंच गए और विरोध करने वाले लोगों को शांत कराया।
बता दें कि काफी समय बाद गांधी पार्क पर साफ-सफाई होने के बाद बेरीकेडिंग का काम शुरू हुआ था। कुछ स्थानीय लोग वहां जानवर बांधकर गोबर आदि डालकर गंदगी फैलाते हैं। इसका समय-समय पर वाल्मीकि समाज के लोग भी विरोध करते रहे हैं। कुछ लोग चाहते थे कि बेरीकेडिंग करने से पहले रास्ता दिया जाए, जिससे गोबर डाला जा सके। इसी बात को लेकर पालिका की टीम का लोगाें ने विरोध किया। कांग्रेस शहराध्यक्ष ने कहा कि पार्क किसी एक व्यक्ति का नहीं है। यह पार्क गांधी अनुयायियों का है। पार्क के चारों तरफ कंटीले तार लगाने के लिए कांग्रेसियों ने पार्क में गंदगी और कब्जा रोकने के लिए तहसील दिवस, समाधान दिवस में शिकायती पत्र भी दिए थे। कांग्रेसियों की शिकायत पर ही बेरीकेडिंग का काम शुरू हुआ है। इस दौरान मौके पर ललतेश गुप्ता, आरके राजू, कपिल नरूला, सतेंद्र सिंह, एनपी पिप्पल, अमृत सिंह पौनिया सहित काफी कांग्रेसी भी पहुंच गए थे।