शहर के बाजार में दुप्ट्टे पसंद करतीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : samvad
महिला परिधानों में इन दिनों दुपट्टा सिर्फ एक पारंपरिक पहनावा न होकर पूरे परिधान की जान बन चुका है। फेस्टिव सीजन से ठीक पहले शहर के फैशन बाजार में ऑर्गेंजा, बनारसी सिल्क और चिकनकारी कॉटन दुपट्टों का क्रेज सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। इन दुपट्टों ने फैशन का अंदाज बदल दिया है।
हल्के पारदर्शी और कुरकुरे फॉल वाले ऑर्गेंजा दुपट्टे इन दिनों युवतियों के बीच ट्रेंड कर रहे हैं। खासकर लैवेंडर, मिंट ग्रीन, पीच और पाउडर ब्लू जैसे पेस्टल शेड्स में यह खूब पसंद किए जा रहे हैं। कॉलेज और ऑफिस जाने वाली युवतियां इन्हें मिनिमल सिल्क कुर्ते या हल्के चिकनकारी सूट के साथ टीम-अप कर रही हैं, जिससे उन्हें वेस्टर्न और ट्रेडिशनल का बेहतरीन फ्यूजन मिल रहा है।
पारंपरिक और शाही लुक के लिए बनारसी सिल्क दुपट्टे का आकर्षण आज भी बरकरार है। भारी जरी वर्क और खूबसूरत बॉर्डर वाले इन रेशमी दुपट्टों को यदि किसी बेहद साधारण व प्लेन सूट अथवा हल्के लहंगे के साथ कैरी किया जाए, तो यह पूरे परिधान को एक भारी उत्सव-योग्य पोशाक में तब्दील कर देता है। पारिवारिक आयोजनों, पूजा-पाठ और शादियों के लिए यह महिलाओं की पहली पसंद बना हुआ है।
दुकानदार हरीश कुमार का कहना है कि दैनिक उपयोग और कामकाजी महिलाओं के लिए सफेद व हल्के पेस्टल रंगों के सूती चिकनकारी दुपट्टे सदाबहार साबित हो रहे हैं। यह न केवल गर्मी व उमस में राहत देते हैं, बल्कि किसी भी रंग के कुर्ते के साथ मिलकर एक शांत, सोबर और शालीन व्यक्तित्व पेश करते हैं। दुकानदार प्रदीप कुमार का कहना है कि शहर के बाजारों में इन दिनों इन तीनों प्रकार के दुपट्टों की अलग-अलग रेंज की खरीदारी के लिए महिलाओं की खासी भीड़ देखी जा रही है।