भाजपा जिला संगठन द्वारा आईटी कार्यालय पर बुलाई गई बैठक का मंडल अध्यक्षों ने बहिष्कार कर दिया। बैठक का बहिष्कार करने के बाद जिले के छह मंडल अध्यक्षों ने सरक्यूलर रोड स्थित एक कंप्यूटर सेंटर पर पत्रकार वार्ता कर भाजपा जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह परमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सादाबाद, सिकंदराराऊ नगर और देहात के मंडल अध्यक्षों के साथ होने का भी दावा किया है। मंडल अध्यक्षों ने कहा कि जिलाध्यक्ष की कार्य प्रणाली से पूरे जिले के मंडल अध्यक्षों में गहरा रोष है। लगातार जिलाध्यक्ष द्वारा मंडल अध्यक्षों की उपेक्षा की जा रही है। जिले की कोई भी बैठक होती है तो उसका एजेंडा वह स्वयं ही तय कर लेते हैं। जिलाध्यक्ष द्वारा मंडल अध्यक्ष होते हुए भी मंडलों में समानांतर संगठन चलवाया जा रहा है। संविधान के अनुसार मंडल के रहने वाले जिले के पदाधिकारी को उसी मंडल का प्रभारी नहीं बताया जा सकता है, लेकिन जिलाध्यक्ष के द्वारा हाथरस मंडल अध्यक्ष को नीचा दिखाने के लिए हाथरस के जिले के कोषाध्यक्ष संजय सक्सेना को हाथरस मंडल का प्रभारी बना दिया।
निकाय चुनाव से पूर्व हम सभी मंडल अध्यक्ष क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह से मिले थे। हमको उनके द्वारा आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही इस मामले में कार्रवाई होगी, लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी जिलाध्यक्ष पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिलाध्यक्ष का दो साल कार्यकाल पूरा हो गया है। पार्टी दो साल के कार्यकाल की जांच कराए और जिलाध्यक्ष को शीघ्र पदमुक्त किया जाए। शहर में होने वाली किसी भी सभा में वहां के मंडल अध्यक्ष को मंच पर नहीं बैठाकर उपेक्षा की जाती है। आज तक किसी भी मंडल अध्यक्ष को विश्वास में लेकर पार्टी का कार्य नहीं किया गया। आगे भी सभी मंडल अध्यक्ष जिले की बैठकों का बहिष्कार करते रहेंगे, लेकिन पार्टी हाईकमान से जो भी कार्यक्रम मिलेंगे उनको किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में भाजपा के हाथरस मंडल अध्यक्ष मूल चंद वार्ष्णेय, बिसावर अध्यक्ष तुलसीदास अग्रवाल, सासनी नगर राजकुमार शर्मा, हाथरस देहात प्रमोद मदनावत, हसायन शिशुपाल सिंह, ऐंहन मंडल के अध्यक्ष धर्मेश सेंगर के अलावा भाजपा नेता नगर मीडिया प्रभारी यतेंद्र वार्ष्णेय, अंकित बंसल, सुखवीर सिंह, मोरमुकुट गुप्ता, मुकेश वर्मा, मनोज वार्ष्णेय, मधुकर मौजूद थे।
----
आरोप लगाने वाले लोग सपा और बसपा के लिए काम कर रहे हैं। यह लोग सपा और बसपा के हाथों पार्टी को बेचने का काम करते हैं। हम जो बैठक करते हैं, उसकी सभी को जानकारी दी जाती है। शनिवार को भी बैठक बुलाई गई, जिसमें मंडल अध्यक्ष शामिल हुए। सभी बैठकों में मंडल अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी पूरा सम्मान दिया जाता है। यदि जांच कराने वाली बात है तो यह लोग किसी भी स्तर से जांच करा सकते हैं। मैंने आज तक पार्टी में रह कर कोई गलत काम नहीं किया है। यह लोग समय-समय पर मुझे बदनाम करने के लिए इस तरह की हरकतें करते रहे हैं, लेकिन इन्हें निराश ही होना पड़ा है और आगे भी होना पड़ेगा। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं। हाईकमान का जो निर्देश होगा, उसके अनुरूप हमेशा काम करता रहूंगा।
- रामवीर सिंह परमार, भाजपा जिलाध्यक्ष।
----