माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित आगामी बोर्ड परीक्षा से पहले परिषद ने जिले के सभी विद्यालयों को निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि केवल डेटाबेस में शामिल अध्यापक ही परीक्षक नियुक्त किए जा सकेंगे। इसके लिए सभी विद्यालयों को अपने-अपने शिक्षकों का अपडेट विवरण निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा।
माशिप के निर्देशों के अनुसार किसी भी शिक्षक का विवरण एक ही विद्यालय द्वारा अपलोड किया जा सकेगा, जिससे परीक्षकों की दोहरी प्रविष्टि की संभावनाएं समाप्त होंगी। जिले में इस बार 76 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनके लिए परीक्षकों की सूची तैयार करने का कार्य तेज गति से जारी है।
विद्यालयों को यह भी निर्देश दिए गए हैं वे समय सीमा के भीतर सभी योग्य अध्यापकों की प्रविष्टि पूर्ण कर दें, ताकि परीक्षा केंद्रवार परीक्षक तैनाती की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। जिला विद्यालय निरीक्षक संतप्रकाश ने बताया कि डेटाबेस आधारित व्यवस्था से परीक्षाओं के संचालन में मानकीकरण आएगा और योग्य, अनुभवी व उपलब्धता के आधार पर परीक्षकों की तैनाती सुनिश्चित हो सकेगी।