सादाबाद। एक मुश्त समाधान योजना लागू करने के बाद भी विद्युत विभाग ग्रामीण क्षेत्र से लाखों करोड़ों के बकाए को वसूल नहीं पा रहा। योजना को लेकर ग्रामीणों को कोई उत्साह नजर नहीं आ रहा। ग्रामीण छूट का लाभ उठाकर बकाया जमा करना तो दूर, ओटीएस के तहत पंजीकरण भी नहीं करा रहे।
विद्युत विभाग ने 11 फरवरी से 15 मार्च तक के लिए ओटीएस योजना लागू की है। इस योजना में बकाएदारों को सरचार्ज में सौ फीसदी की छूट दी गई है। विभाग का अनुमान था कि इस योजना के लागू हो जाने के बाद बकाएदार बकाया जमा करने के प्रति उत्साहित होंगे, लेकिन योजना को लागू हुए दस दिन बीत चुके हैं, लेकिन विभाग अभी तक करीब 500 बकाएदारों के ही पंजीकरण कर सका है, जबकि अनुमान के मुताबिक दस दिनों में यह आकंडा 1500 को पार हो जाना चाहिए। योजना के प्रति काफी कम उत्साह को देखते हुए अब विभाग गांव गांव शिविर लगाने की भी योजना बना रहा है। जल्द ही विभाग ओटीएस के तहत गांव गांव शिविर लगाकर राजस्व वसूली करेगा। एक्सईएन मुकेश कुमार का कहना है कि ओटीएस के तहत पंजीकरण किए जा रहे हैं। बकाएदारों को सरचार्ज में फुल छूट दी जा रही है।
तीन दिन से गुल है सीस्ता की बिजली, बकाया जमा नहीं कर रहे ग्रामीणसादाबाद। विद्युत विभाग ने गांव सीस्ता की बिजली को तीन दिन से गुल कर रखा है, लेकिन ग्रामीण ओटीएस लागू हो जाने के बाद भी विभाग का बकाया जमा नहीं कर रहे। इससे विभागीय अधिकारी भी काफी परेशान है। जेई सुमित कुमार ने बताया कि सीस्ता की बिजली तब ही सुचारू की जाएगी, जब तक कि पूर्ण बकाया जमा नहीें हो जाता। इसके अलावा अब अन्य बकाएदार गांव की बिजली को गुल किया जाएगा।
ओटीएस में गांव-गांव लगेंगे विद्युत शिविरहाथरस। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता भूपेंद्र कुमार ने ओटीएस के तहत बकाया वसूलने के लिए गांव-गांव शिविर लगाए जाने का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। एक्सईएन ने बताया कि 19 फरवरी को असरोई, पटाखास, रूहेरी, 20 फरवरी को टुकसान, मगटई, लहरा, 21 फरवरी को संगीला, नगला कृपा, रतनगढ़ी, 22 फरवरी को भोजपुर, भीलम, सीर, 23 फरवरी को प्रताप, जटोई,मैंडू, 24 फरवरी को वाद अठवारिया, असरोई, अमरपुरघना, 25 फरवरी को नगला ऊसर, सुसावली, शाहपुर, 26 फरवरी को पदू,जवार, सोखना, 27 फरवरी को महामौनी, छोटुआ, एवरनपुर व 28 व 29 फरवरी को गांव भूतपुरा, नवीपुर, नगला उम्मेद, गुमानपुर, नगला हेमा व मेंडू में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बकाएदार ओटीएस के तहत छूट का लाभ लेते हुए एक हजार रूपये से पंजीकरण कराकर बिल जमा कर सकेंगे।