तहसील सादाबाद के परिसर में शनिवार को आयोजित हुए संपूर्ण समाधान दिवस में बहुत कम फरियादी पहुंचे। सामान्य दिनों में जहां दर्जनों शिकायतकर्ता पहुंचते थे, वहीं इस बार सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मात्र 14 शिकायतें ही दर्ज की गईं।
अधिकारियों ने कहा कि किसान इस समय आलू की खोदाई, छंटाई और भंडारण में व्यस्त हैं, इसलिए फरियादियों की संख्या कम रही है। संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए एडीएम बसंतलाल अग्रवाल ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। यहां पर राजस्व, विद्युत, कृषि एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें आईं। एसडीएम मनीष चौधरी, तहसीलदार हेमंत चौधरी मौजूद रहे।
केस नंबर-एक
खराब गाजर बीज की जांच कराई जाए
गांव नगला बाग नौगांव निवासी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 19 अगस्त 2025 को उन्होंने सादाबाद के एक बीज विक्रेता से दो किलोग्राम गाजर का बीज खरीदा था। खाद, सिंचाई और भरपूर देखभाल के बावजूद फसल खराब हो गई। गाजर टेढ़ी-मेढ़ी और कम गुणवत्ता की हुई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ। कृषि विभाग में शिकायत के बावजूद दुकानदार के पक्ष में रिपोर्ट लगा दी गई। उन्होंने बीज के नमूने की जांच कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की।
केस नंबर-दो
जर्जर खंभों से हादसे की आशंका
गांव बासपरम जारऊ निवासी रिटायर्ड कैप्टन विनोद कुमार चौहान ने बताया कि गांव के रास्ते में लगे बिजली के तीन खंभे जर्जर हालत में हैं। इनसे गुजर रही लाइन भी खराब स्थिति में है, जिससे किसी भी समय हादसा हो सकता है। उन्होंने खंभे और लाइन को बदलने की मांग उठाई।
केस नंबर-तीन
नाली निर्माण में डाली बाधा
गांव बासपरम जारऊ निवासी अनिल कुमार ने बताया कि गांव में सरकारी नाली का निर्माण चल रहा है, लेकिन कुछ लोग इसमें बाधा डाल रहे हैं। नाली न बनने से रास्ते में पानी भर रहा है, जिससे आवागमन में दिक्कत हो रही है। उन्होंने लेखपाल से पैमाइश कराकर निर्माण पूरा कराने की मांग की।