जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पदों पर आए आवेदनों के ऑनलाइन सत्यापन की प्रकिया शुरू हो गई है। जिले में 172 रिक्त पदों के लिए करीब पांच हजार आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 4100 आवेदन सही पाए गए हैं।
जिले में 1712 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इन केंद्रों में 172 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद रिक्त चल रहे हैं। इस कारण एक-एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर दो-दो केंद्राें का चार्ज है। कुछ केंद्रों की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी सहायिकाओं पर हैं। इन रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए थे। आवेदकों ने मय दस्तावेज ऑनलाइन आवेदन किए। इनमें से करीब 900 आवेदन केंद्र न भरने व अन्य वजहों से निरस्त हो गए।
अब शासन के निर्देश पर भर्ती प्रक्रिया को रफ्तार दे दी गई है। द्वितीय शनिवार के अवकाश के बावजूद बाल विकास एवं पुष्टाहार परियोजना कार्यालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती के लिए आए आवेदनों का सत्यापन किया गया। आवेदन में लगाए गए आय, सामान्य निवास एवं जाति प्रमाणपत्र का ऑनलाइन सत्यापन ई-डिस्टि्रक्ट पोर्टल के माध्यम से किया गया। इस दौरान आवेदन की तिथि से छह माह पूर्व तक के आय प्रमाणपत्रों को मान्य करते हुए पात्र आवेदकों की सूची बनाने का कार्य देर शाम तक किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि भर्ती प्रकिया को जल्द से जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा।