न्यायिक मजिस्ट्रेट सादाबाद नेपाल सिंह ने चेक बाउंस के चार साल पुराने मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए एक साल की सजा सुनाई है। साथ ही 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माने की रकम में से 11.70 लाख रुपये वादी को दिए जाएंगे। जुर्माना न भरने पर आरोपी को तीन माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
सादाबाद के गांव बहादुरपुर भूप निवासी भूपेंद्र कुमार ने वर्ष 2022 में न्यायालय में गांव गढ़ी हुलासी, सादाबाद के आलू कारोबारी राकेश सिंह के खिलाफ परिवाद दर्ज कराया था। भूपेंद्र के अनुसार फसली वर्ष 2022 में 05 मार्च को राकेश सिंह ने उनसे 1148 पैकेट आलू 673 रुपये प्रति पैकेट के हिसाब से खरीदे थे। कुल सौदा 7,72,605 रुपये में हुआ था, जिसका भुगतान एक महीने के भीतर किया जाना था।
भूपेंद्र का आरोप है कि लंबे समय तक टालमटोल करने के बाद आरोपी ने भुगतान लिए 21 अक्तूबर 2022 को चेक दिया, जो बाउंस हो गया। बैंक से चेक लौटने के बाद परिवादी ने नौ नवंबर 2022 को कानूनी नोटिस भेजा। 15 दिनों के भीतर भुगतान न होने पर परिवादी ने तीन दिसंबर 2022 को न्यायालय में परिवाद दर्ज कराया।