रामखिलाड़ी हत्याकांड में नामजद सुबोध उर्फ पिंटा पुलिस गिरफ्त में।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
गांव कमालपुर के पूर्व प्रधान रामखिलाड़ी यादव की हत्या के एक अभियुक्त को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य तीन नामजदों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। अभियुक्त घर से बाहर जाने की फिराक में था।
जानकारी के अनुसार एक माह पूर्व हाथरस रोड स्थित गांव कमालपुर निवासी पूर्व प्रधान रामखिलाड़ी यादव की नहर पुल के पास बंबा के किनारे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय वह बाइक से अपने एक साथी के साथ गांव वापस लौट रहे थे। मामले में मृतक के पुत्र विक्की यादव ने चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने बुधवार की सुबह नामजद सुबोध उर्फ पिंटा पुत्र सर्वेश यादव निवासी गांव नगला हरी को एटा रोड स्थित काली मां के मंदिर के समीप से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल प्रवेश राना ने बताया कि मामले में धारा 120 बी की बढ़ोतरी कर ली गई है। अन्य नामजदों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।