हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव जैतपुर के निकट मंगलवार को मैजिक व कैंटर की भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल टीकाराम निवासी बरामई कोतवाली सिकंदराराऊ की बुधवार की सुबह उपचार के दौरान अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। हादसे में मरने वालों की संख्या अब आठ हो गई है। हादसे में मृत महिला के पति ने कैंटर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया है। पुलिस कैंटर चालक की तलाश में दबिश दे रही है। मुकदमे में निर्माणाधीन एनएच का मार्ग संकरा होने को हादसे की वजह बताया गया है।
गौरतलब है कि मंगलवार की दोपहर को गांव जैतपुर के निकट मैजिक व कैंटर की भिड़ंत में सात लोगों की मौत हो थी, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ व आगरा मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल टीकाराम (65) पुत्र श्यामलाल निवासी बरामई सिकंदराराऊ की मौत हो गई है।
इधर, प्रशासन ने मरने वालों के परिजनों और घायलों को मुआवजे देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मामले में नगला ओझा हाल निवासी आवास-विकास कॉलोनी की मृतका नीलम देवी के पति वेदप्रकाश रावत ने इस मामले में कोतवाली हाथरस जंक्शन में मुकदमा दर्ज करा दिया है। उन्होंने कहा है कि एनएच की ओर से निर्माणाधीन हाईवे के निर्माण के चलते मार्ग काफी संकरा हो गया है।
इस कारण दोनों वाहनों को निकलने के लिए रास्ता नहीं मिल सका और कैंटर ने मैजिक को टक्कर मार दी। उन्होंने कहा है कि उनकी पत्नी अपनी भाभी के बच्चों के साथ अपने मायके सिकंदराराऊ जा रही थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।