दो भाई साइकिल पर पिता को खाना देकर घर लौट रहे थे। पिलखना के पास अकराबाद रोड पर स्थित पशु चिकित्सालय के पास ट्रैक्टर चालक ने साइकिल में टक्कर मार दी। इससे रिहान साइकिल से उछलकर पटरी पर गिरा, जबकि सैफ अली ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गया।
28 अप्रैल की दोपहर करीब दो बजे पिलखना के पास ट्रैक्टर ने 12 वर्षीय बालक को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वह अपने भाई के साथ पिता को खाना देकर घर लौट रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
पिलखना निवासी जुल्फिकार के अनुसार उनका पुत्र सैफ अली (12) अपने भाई रिहान के साथ पिलखना चौराहा स्थित फर्नीचर की दुकान पर उन्हें खाना देने आया था। वहां से दोनों बेटे साइकिल से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब दो बजे पिलखना के पास अकराबाद रोड पर स्थित पशु चिकित्सालय के पास पिलखना निवासी ट्रैक्टर चालक ने साइकिल में टक्कर मार दी। इससे रिहान साइकिल से उछलकर पटरी पर गिरा, जबकि सैफ अली ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
खबर पाकर परिवार सहित तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। वहां से निकल रहे जिला पंचायत सदस्य बबलू होल्कर ने परिजन को ढाढ़स बंधाते हुए पुलिस को सूचना दी। पिता जुल्फिकार के अनुसार सैफ अली पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। थाना पुलिस के अनुसार तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।