आखिरी दिन बराबरी पर छूटी 5.51 लाख की कुश्ती
प्रदेश के कैबिनेट और राज्य मंत्रियों ने मिलवाए कुश्ती के हाथ
मेला श्रीदाऊजी महाराज के दंगल में पहलवानों ने ठोकी ताल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। बृज क्षेत्र लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज में विराट बुर्ज कुश्ती दंगल में छठवें दिन देर रात तक कई कुश्तियां हुईं। हाथरस सहित आसपास के जिलों के पहलवानों ने जोर-आजमाइश की। दंगल प्रेमियों ने देर रात तक कुश्तियों का लुत्फ उठाया। कुश्तियों में शामिल पहलवानों का हाथ कैबिनेट चौ. लक्ष्मीनारायण, प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री चौ. उदयभान सिंह, राज्यमंत्री जीएस धर्मेश, उत्तराखंड के सांसद तीरथ सिंह रावत ने कुश्ती से पूर्व पहलवानों के हाथ मिलवाए। दंगल संयोजक कप्तान सिंह ठेनुआं और सह संयोजक दिनेश माहौर ने अतिथियों का बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया। पांच लाख 51 हजार की आखिरी कुश्ती और दूसरे नंबर कुश्तियां बराबर रहीं। इन कुश्तियों पर ट्रैक्टर ईनाम में रखा गया था।
आखिरी कुश्ती भारत केसरी हरिकेश पहलवान और भारत केसरी हितेंद्र पहलवान अखाड़ा छत्रसाल स्टेडियम दिल्ली के बीच हुई, जो बराबरी पर छूटी। चौथे नंबर की कुश्ती भारत केसरी हितेश पहलवान और देवेंद्र पहलवान उत्तर प्रदेश केसरी के बीच हुई, जिसमें ईनाम में ट्रैक्टर था, वह भी बराबर रही। तीसरे नंबर की कुश्ती रामेश्वर पहलवान अगसौली और युधिष्ठिर पहलवान पलवल के बीच बराबर रही। दूसरे नंबर की कुश्ती संजीव पहलवान हरियाणा केसरी और हरिओम पहलवान उत्तर प्रदेश केसरी के बीच बराबर रही। पहले नंबर की कुश्ती सुभाष पहलवान मथुरा और मुरारी पहलवान राजस्थान केसरी के बीच हुई, जोकि बराबर पर छूटी। इसके अलावा हनुमान पहलवान और संजय पहलवान, सचिन पहलवान व जग्गा पहलवान के बीच कुश्तियां हुईं, जो बराबर रहीं।
महिला पहलवान अंजली और अनुष्का पंडित के बीच कुश्ती हुई, जिसमें अनुष्का पंडित जीतीं। इस मौके पर प्रवीण सिंघल, संजीव पांडेय, योगा पंडित, ज्ञानेंद्र शर्मा, कपिल अग्रवाल, भगवानदास माहौर, अंकित गौड़, देवा पहलवान आदि थे। स्पीकर के रूप में सुनील बेनवाल, अतुल आंधीवाल, मुकेश पहलवान, श्यामसुंदर राना, हंबीर सिंह, अनुज चौधरी आदि थे।