संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
राष्ट्रीय सेवा योजना की मुस्कुराएगा इंडिया टीम वर्ल्ड सुसाइड प्रिवेंशन डे 10 सितंबर से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अभियान संचालित करेगी। यह विशेष अभियान वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे 10 अक्तूबर को एक व्यापक ऑनलाइन वेबिनार होने तक एक माह तक चलाया जाएगा।
बागला डिग्री कॉलेज के एनएसएस के अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि एनएसएस के राज्य संपर्क अधिकारी डॉ. अंशुमालि शर्मा और यूनिसेफ के भाई शैली ने यह जानकारी संयुक्त बयान में दी है। मुस्कुराएगा इंडिया पहल के संयोजक डॉ. अंशुमालि शर्मा ने बताया कि इस दिन सभी स्वयंसेवकों, कार्यक्रम अधिकारियों, प्राध्यापक, समाजसेवी, जागरूक नागरिकों, अभिभावकों से आत्महत्या रोकने के लिए साथ आने की अपील करेंगे।
गौरतलब है कि कोरोना से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित सभी लोगों की सहायता के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में ‘मुस्कुराएगा इंडिया अभियान’ प्रदेश में चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रशिक्षित मुस्कुराएगा इंडिया काउंसलर्स द्वारा सभी के मानसिक स्वास्थ्य के लिए नि:शुल्क काउंसिलिंग की सुविधा दी जा रही है। पिछले तीन माह में 21 सौ से ज्यादा लोगों को मुस्कुराएगा इंडिया काउंसलर यह सुविधा दे चुके हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि सभी कार्यक्रम अधिकारी लोगों को नि:शुल्क परामर्श दे रहे हैं।