जिले के पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए सात चरण की काउंसिलिंग पूरी होने के बाद अब स्पॉट राउंड की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। तकनीकी शिक्षा विभाग से आदेश मिलते ही रिक्त सीटों पर सीधे प्रवेश की प्रक्रिया शुरू किए जाने की राह देखी जा रही है।
जिले के सबसे बड़े एमजी पॉलिटेक्निक में 756 के सापेक्ष करीब 70 सीटें अभी खाली हैं, जबकि राजकीय महामाया पॉलिटेक्निक की 246 सीटों में से 16 सीटों पर प्रवेश होना बाकी है। दोनों संस्थानों में अधिकांश सीटें भर चुकी हैं, लेकिन अंतिम चरण की रिक्त सीटों के लिए स्पॉट राउंड के जरिये ही भरे जाने कवायद की जा सकती है।
जिले के निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों की स्थिति अलग है। यहां महज 10 से 20 प्रतिशत सीटों पर ही प्रवेश हो सका है, जबकि 80 से 90 प्रतिशत सीटें अभी भी रिक्त हैं। ऐसे में निजी संस्थानों की नजर भी स्पॉट राउंड पर टिकी हुई है। संस्थानों के अनुसार स्पॉट राउंड की तिथि घोषित होते ही इच्छुक अभ्यर्थियों को रिक्त सीटों के आधार पर प्रवेश का अवसर मिलेगा।
हालांकि राजकीय महामाया पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य डाॅ. सोनवीर सिंह ने बताया कि स्पॉट राउंड से सीटें भरी जा सकती हैं, लेकिन अब समय अधिक हो चुका है। ऐसे में अब नहीं लगता कि स्पॉट राउंड होगा। अगर आदेश आते हैं तो उनका पालन किया जाएगा।