शहर में एक दुकान पर सजे मसाले। संवाद
- फोटो : Samvad
रसोई में प्रयोग होने वाले मसालों की कीमतों में हुए इजाफे ने आम लोगों के भोजन का जायका बिगाड़ दिया है। पिछले कुछ सप्ताह में हल्दी, लाल मिर्च, धनिया और गरम मसाले के दामों में वृद्धि दर्ज की गई है। कारोबारियों का कहना है कि थोक बाजार में बढ़ी कीमतों का असर अब खुदरा बाजार में भी साफ दिखाई देने लगा है।
बाजार में पिसा हुआ धनिया के दाम 240 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 280 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। इसी तरह लाल मिर्च के भाव 360 से बढ़कर 400 रुपये और हल्दी के दाम 220 रुपये से बढ़कर 280 और गरम मसाले में उपयोग होने वाली जावित्री के दाम दो हजार रुपये से बढ़कर 2500 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
अन्य मसालों की कीमतों में भी लगातार तेजी बनी हुई है। कारोबारियों के अनुसार मसालों की कीमतों में आई तेजी से न केवल ग्राहकों का बजट प्रभावित हुआ है, बल्कि व्यापारियों के सामने भी बिक्री बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। उनका कहना है कि यदि थोक बाजार में यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में मसालों के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है। गृहिणियों का कहना है कि रसोई का लगभग हर व्यंजन मसालों पर निर्भर होता है। ऐसे में लगातार बढ़ती कीमतों के कारण मासिक बजट बिगड़ने लगा है।
मसाला उत्पादक क्षेत्रों में फसल कम होने और मांग बढ़ने का असर कीमतों पर दिखाई दे रहा है। थोक बाजार में लगातार रेट बढ़ रहे हैं, जिससे खुदरा बाजार में भी दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं।
-मान सिंह, मसाला विक्रेता
ग्राहक पहले जहां एक या दो किलो मसाले खरीद लेते थे, अब आधा किलो या ढाई सौ ग्राम खरीदकर ही काम चला रहे हैं। सबसे ज्यादा असर गरम मसाले और मिर्च की बिक्री पर पड़ा है।
-जितेंद्र कुमार, मसाला विक्रेता।