हाथरस। संभावना के मुताबिक समाजवादी पार्टी ने आखिरकार अलीगढ़-हाथरस के एमएलसी चुनाव में अपना प्रत्याशी बदल दिया है। हाथरस की सपा जिलाध्यक्ष ओमवती यादव की जगह उनके पति जसवंत यादव को प्रत्याशी घोषित किया गया है। हालांकि इसकी संभावना पहले से ही जताई जा रही थी, लेकिन अधिकारिक घोषणा का सभी को इंतजार था।
इससे पूर्व सपा नेतृत्व ने पार्टी की जिलाध्यक्ष ओमवती यादव को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन पार्टी में चर्चा थी कि नेतृत्व जल्द ही ओमवती की जगह उनके पति जसवंत यादव को प्रत्याशी बना सकता है। हुआ भी यही। ओमवती की जगह उनके पति को प्रत्याशी बनाने पर सपाइयों ने खुशी जाहिर की है। ओमवती और उनके पति को बधाई देने वालों का तांता लग गया। पार्टी के इस निर्णय को सपा नेताओं ने स्वागत योग्य बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि हाईकमान के निर्णय के अनुसार जसवंत सिंह को इस चुनाव में विजयी बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। 62 वर्षीय जसवंत सिंह (यूपीएसआरटीसी) के क्षेत्रीय प्रबंधक पद से हाल ही में रिटायर हुए हैं और पहली बार कोई चुनाव लड़ रहे हैं। सपा जिलाध्यक्ष ओमवती यादव का कहना है कि पार्टी जसवंत सिंह को पूरे दमखम से चुनाव लड़ाएगी और निश्चित रूप से जीत हमारी ही होगी।