अब बिजली महकमा कर रहा बकाएदारों की संपत्ति की कुर्की की तैयारी
जिले में करीब 10 हजार उपभोक्ताओं पर है लाखों रुपये का बकाया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। अब बिजली महकमा बकाएदारों से सख्ती से निपटने के साथ संपत्ति कुर्की तैयारी कर रहा है। जिले में करीब 10 हजार उपभोक्ताओं पर लाखों रुपये का महकमे का बकाया है। बकाया जमा नहीं करने पर जल्द कुर्की की कार्रवाई पर अधिकारी अमल करेगा।
उल्लेखनीय है कि बिजली महकमे का जिले में काफी राजस्व बकाया है। तमाम कोशिशों के बाद महकमे को बकाया हाथ नहीं लगा। अधिकारियों ने बकाएदारों को नोटिस भेज दिया। तहसील से आरसी भी निकाल दी गई। अब तहसील में बिजली महकमे के बाबुओं को बुलाकर बकाएदारों की आरसी का मिलान किया जा रहा है।
मिलान का काम पूरा होनेे के बाद इन बकाएदारों की ट्रैक्टर, कूलर पंखा, मकान आदि संपत्ति की कुर्की की जाएगी। इस मामले में अधीक्षण अभियंता संदीप अग्रवाल का कहना है कि बकायेदारों को बकाया जमा करने के लिए नोटिस भेज दिया। आरसी निकल गई तब भी बकाया जमा नहीं किया। अब उनकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।