संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
महंगाई का असर अब गरीबों के जेब पर भी पड़ने वाला है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अब राशन के लिए कार्डधारकों को दो रुपये किलो गेहूं और तीन रुपये किला की दर से चावल का भुगतान करना होगा। हालांकि, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत चावल निशुल्क मिल सकेंगे। इस बार होने वाले वितरण में कार्डधारकों को भुगतान कर खाद्यान्न मिलेगा। इसे लेकर शासन स्तर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिले में प्रत्येक माह में दो बार मुफ्त राशन बंट रहा था। प्रत्येक माह में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम व प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत खाद्यान्न वितरण किया जाता था। अब राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले राशन को लेने के लिए कार्डधारक को भुगतान करना होगा। लाभार्थियों को गेहूं दो रुपये तथा चावल तीन रुपये प्रति किलो की दर से दिया जाएगा।
हालांकि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में अभी मुफ्त में ही राशन बांटा जाएगा। प्रति यूनिट पांच किलो खाद्यान्न किया जाएगा। प्रति यूनिट गेहूं दो और चावल तीन किलो मिलेगा। डीएसओ ध्रुवराज यादव ने बताया कि अभी राशन वितरण को लेकर तिथि निर्धारित नहीं की गई है। जल्द तिथि निर्धारित होने के बाद वितरण शुरू कराया जाएगा।
- सरकार को गरीबों में निशुल्क ही खाद्यान्न वितरण करना चाहिए। इस राशन से गरीबों को काफी राहत मिलती है। राशन महंगा होने से हमारा बजट बिगड़ जाएगा। - पदम सिंह
- कई परिवारों में एक ही व्यक्ति कमाने वाला होता है। उसी के ऊपर पूरे परिवार का जिम्मा है। निशुल्क खाद्यान्न योजना से उस परिवार को काफी राहत मिलती थी। - मुन्ना
- सरकार को गेहूं की मात्रा बढ़ानी चाहिए। फिर से निशुल्क खाद्यान्न शुरू करना चाहिए। राशन पर अधिक दाम वसूलने से गरीबों के जेब पर मार पड़ेगी। - मनोज