बागला डिग्री कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरे
- फोटो : संवाद
भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष रहे प्रोफेसर रजनीश के काले कारनामे सामने आने के बाद प्रबंधन ने पीसी बागला महाविद्यालय परिसर और सभी विभागों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने शुरू कर दिए हैं। कक्षाओं में भी कैमरे लगेंगे और वहां भी नजर रखी जाएगी। ऐसी व्यवस्था की जा रही है, जिससे महाविद्यालय के चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों की नजर रहे।
पीसी बागला महाविद्यालय में भौतिक विभागाध्यक्ष और मुख्य अनुशासन अधिकारी डॉक्टर रजनीश के छात्राओं का यौन शोषण करने का मामला सुर्खियों में है। भूगोल विभाग में बनाए गए अपने केबिन में ही वह छात्राओं का यौन शोषण कर रहा था।
इसकी एक पीड़िता ने महिला आयोग से शिकायत की तो अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया और थाना हाथरस गेट में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। करीब साठ वीडियो और फोटो पुलिस के पास पहुंचे हैं। आरोपी प्रोफेसर अपने मोबाइल कैमरे से सॉफ्टवेयर के जरिये इनको रिकार्ड कर रहा था। पोर्न साइट पर भी इन्हें डालने की बात सामने आ रही है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद डॉ. रजनीश को महाविद्यालय प्रबंधन ने निलंबित कर दिया है।
अब प्रबंधन ने महाविद्यालय के चप्पे पर निगरानी की व्यवस्था कर दी है। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जिससे हर तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा सभी कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और विभागों में कैमरे लगाए जाएंगे। प्राचार्य के कक्ष से इनकी निगरानी की जाएगी। प्राचार्य कक्ष में बैठकर पठन-पाठन के साथ-साथ अन्य गतिविधियों पर भी नजर रखेंगे।
केएन त्रिपाठी बने मुख्य अनुशासन अधिकारी
प्रोफेसर रजनीश महाविद्यालय के मुख्य अनुशासन अधिकारी भी थे। छात्राओं के यौन शोषण मामले में जेल जाने के बाद अब महाविद्यालय प्रबंधन ने केएन त्रिपाठी को मुख्य अनुशासन अधिकारी बनाया है। प्राचार्य महावीर सिंह छौकर ने बताया कि शनिवार को उन्होंने कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है।