जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के तहत दूसरे चरण की काउंसिलिंग 17 सितंबर को समाप्त हो चुकी है। हालांकि दो चरणों की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद इनमें करीब 42 फीसदी सीटें खाली पड़ी हैं। ऐसे में मनपसंद ट्रेड से वंचित व प्रतीक्षारत अभ्यर्थियों की निगाहें अब तीसरी काउंसिलिंग और मेरिट सूची पर टिकी हैं।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले के दो प्रमुख राजकीय आईटीआई में विभिन्न तकनीकी व गैर-तकनीकी व्यवसायों की कुल 576 सीटें स्वीकृत हैं। दोनों चरणों की प्रवेश प्रक्रिया संपन्न होने के बाद इनमें से अब तक केवल 330 सीटों पर ही छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया है, जबकि 246 सीटें अभी भी रिक्त हैं।
जिले के दोनों सरकारी आईटीआई के अलावा निजी संस्थानों में भी रिक्त सीटों को शत-प्रतिशत भरने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य रोहिताश कुमार ने बताया कि लोकप्रिय ट्रेडों की अधिकांश सीटें लगभग भर चुकी हैं। 17 सितंबर तक आवंटित अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन और शुल्क जमा कराने की मियाद पूरी होने के बाद अब रिक्त सीटों का ब्योरा पोर्टल पर अपडेट कर दिया गया है। परिषद द्वारा जल्द ही तीसरे चरण की मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।