राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय द्वारा बागला डिग्री कॉलेज की स्नातक की सीटों में कटौती करने से विद्यार्थियों का भविष्य पर गहरा प्रभाव छोड़ रहा है।
बागला डिग्री कॉलेज में बीए की 720 तथा कॉमर्स के 320 सीटें थीं। राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय द्वारा अब इन सीटों में कटौती कर दी गई है। इस कटौती से जहां एक ओर कॉलेज प्रशासन परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थी भी चिंतित हैं। विवि प्रशासन की ओर से कटौती करने के बाद बीए में 540 और कॉमर्स में 160 सीट ही रह गई हैं।
इससे प्रवेश के लिए उम्मीद लगाए बैठे छात्र-छात्राओं को मायूस होना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि बागला डिग्री कॉलेज में अध्ययन करने के लिए निकट के अन्य जनपद जैसे कासगंज व अन्य जगहों से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रवेश के लिए आते हैं। शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी विश्वविद्यालय द्वारा की गई स्नातक की सीटों में कटौती के विरोध में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति को संबोधित एक ज्ञापन बागला डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महावीर सिंह छोंकर को दिया था।