हाथरस। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। डीएम ने सोमवार को इस चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। सभी सातों ब्लॉकों पर सहायक निर्वाचन अधिकारी घोषित कर दिए गए हैं। विकास खंड मुख्यालयों पर ही इस चुनाव की नामांकन की प्रक्रिया होगी। ब्लॉकों पर भी इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। नामांकन के दौरान वहां सुरक्षा के सख्त बंदोबस्त रहेंगे। सख्त चेकिंग के बाद ही प्रत्याशियों और उनके प्रस्तावकों को नामांकन केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। डीएम ने सभी ब्लॉकों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की भी तैनाती कर दी है। उनसे कहा गया है कि वह सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराएं। नामांकन जुलूस के साथ आने वाले वाहनों को वहां से 200 मीटर की दूरी पर ही रोक दिया जाए। मंगलवार से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो जाएगी, जोकि पांच फरवरी तक सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक संबंधित क्षेत्र पंचायत कार्यालय में जारी रहेगी।
ये रहेगा प्रमुख का चुनाव कार्यक्रमडीएम ने जो चुनाव कार्यक्रम घोषित किया है, उसके हिसाब से नामांकन पांच फरवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक होंगे। छह फरवरी को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान जरूरत पड़ने पर सात फरवरी को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक होगा। उसी दिन दोपहर तीन बजे से मतगणना शुरू कराई जाएगी और उसके तुरंत बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
ये बनाए सहायक चुनाव अधिकारीडीएम ने अनारक्षित ब्लॉक सहपऊ पर भूमि संरक्षण अधिकारी रामप्रवेश, सादाबाद में सहायक आयुक्त सहकारिता राजेंद्र सिंह, अनारक्षित ब्लॉक हाथरस के लिए बीएसए देवेंद्र कुमार गुप्ता, एससी आरक्षित ब्लॉक मुरसान में जिला कृषि अधिकारी शिवकुमार, ओबीसी आरक्षित ब्लॉक सासनी में पशु चिकित्साधिकारी देवेंद्र कुमार शर्मा, महिला आरक्षित हसायन में जिला विद्यालय निरीक्षक जेके मलिक, अनारक्षित ब्लॉक सिकंदराराऊ में डायट प्राचार्य हरवंश सिंह को सहायक चुनाव अधिकारी बनाया गया है।
आयोग के निर्देशों का कराएं सख्ती से पालनडीएम ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में इस संबंध में बैठक की। उन्होंने जिले में प्रमुख क्षेत्र पंचायत के चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सभी सहायक निर्वाचन अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव के लिए सभी जरूरी प्रक्रिया एवं आवश्यक बंदोबस्त समय से पूरा करने के संबंध में सभी एसडीएम, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए।
पूरी प्रक्रिया की कराई जाएगी वीडियोग्राफीडीएम ने बताया कि प्रमुख चुनाव के लिए सात फरवरी को मतदान करने के लिए प्रत्येक क्षेत्र पंचायत सदस्य (मतदाता) को क्षेत्र पंचायत सदस्य का मूल प्रमाण पत्र के साथ ही फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट, बैंक पासबुक आदि में से कोई एक व्यक्तिगत पहचान वाली फोटोयुक्त आईडी प्रूफ भी लाना अनिवार्य होगा। डीएम ने चुनाव के दौरान वीडियोग्राफी कराने पर जोर दिया और मतदान दिवस पर प्रत्येक बीडीसी सदस्य (मतदाता) को मतपत्र देने और मतदान की प्रक्रिया तक की वीडियोग्राफी कराने के बारे में अधिकारियों को कडे़ निर्देश दिए।
सुरक्षा नियमों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहींएसपी डॉ. एस.चन्नप्पा ने चुनाव के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा बंदोबस्त, सभी क्षेत्र पंचायत कार्यालयों पर सुरक्षा की दृष्टि से बेरीकेटिंग लगाने की जानकारी दी और कहा कि मतदान दिवस पर सात फरवरी को सभी क्षेत्र पंचायत कार्यालय के अंदर मतदाता और निर्वाचन ड्यूटी के लिए तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस बल के अलावा अन्य किसी भी व्यक्ति को प्रवेश करने की इजाजत नहीं होगी।
ये अफसर रहे मौजूदबैठक में एडीएम डीपी सिंह, एएसपी अजय शंकर राय, एसडीएम केहरी सिंह, वैभव मिश्रा, एनपी पांडेय, केपी सिंह के अलावा सभी सीओ, तहसीलदार और बीडीओ मौजूद थे।