एक हेडकांस्टेबल को दिया गया अनिवार्य रिटायरमेंट का नोटिस
शासन के फरमान पर यहां भी हो रहा अमल, एक एसआई की आख्या भेजी डीआईजी को
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शासन के फरमान पर अब यहां भी अमल शुरू हो गया है। पुलिस विभाग में अब अनिवार्य सेवानिवृत्ति देने की प्रक्रिया की शुरुआत कर दी गई है। इस क्रम में पुलिस लाइन में तैनात एक हेडकांस्टेबल को नोटिस थमा दिया गया है। इसके अलावा एक दरोगा की आख्या डीआईजी के पास भेज दी गई है।
दागी पुुलिसकर्मियों के खिलाफ अब यहां भी कार्रवाई शुरू हो गई है। इसे जबरन रिटायरमेंट दिया जा रहा है। सबसे पहले यह देखा जा रहा है कि किस कर्मी की कितनी शिकायतें आई हैं और कार्य सेवा के दौरान उसके खिलाफ कितनी बार विभागीय कार्रवाई हुई है। अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है। जांच समिति पहले ही गठित कर दी गई है। अब इस क्रम में एक हेडकांस्टेबल को अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त करने का नोटिस भेजा गया है। तीन माह के इस नोटिस में उससे इस अवधि के दौरान अपने रिटायरमेंट के कागजात आदि पूरे कराने को कहा गया है।
इसके अलावा एसआई व निरीक्षकों के अनिवार्य सेवानिवृत्ति का फैसला डीआईजी स्तर से होगा तो एक एसआई की आख्या डीआईजी को भेजी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि एक हेडकांस्टेबल को अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए नोटिस दिया गया है।